हरिद्वार में लक्जरी स्लीपर बसों पर एक्शन: 80 चालान, 12 बसें सीज, कई की फिटनेस रद्द करने की संस्तुति
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
हरिद्वार, 30 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर परिवहन विभाग ने जनपद में संचालित लक्जरी स्लीपर बसों के खिलाफ दो दिवसीय विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। इस अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 80 चालान किए गए और 12 बसों को सीज कर दिया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान का नेतृत्व एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया, जबकि बसों का तकनीकी निरीक्षण संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंदवर्धन द्वारा किया गया। अभियान के दौरान लक्जरी स्लीपर बसों की परमिट शर्तों, फिटनेस, संरचनात्मक सुरक्षा, तकनीकी मानकों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच में कई बसों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग के अनुसार, 15 बसें परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए संचालित मिलीं, जिनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
तकनीकी जांच में 2 बसें सड़क सुरक्षा के लिहाज से बेहद खराब स्थिति में पाई गईं, जिसके चलते उनके फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति की गई। इसके अलावा 12 बसों में स्वीकृति के विपरीत संरचनात्मक बदलाव पाए गए। इन सभी वाहनों का चालान करते हुए उनके फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की भी संस्तुति की गई है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और तकनीकी मानकों, परमिट शर्तों व मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। साथ ही वाहन स्वामियों और संचालकों से अपील की गई है कि वे वाहनों का संचालन पूरी तरह वैधानिक प्रावधानों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप करें, ताकि यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित हो सके।

