क्षेत्र का नाम रोशन करें विद्यार्थी: मोहन बिष्ट

हल्द्वानी, 07 जुलाई (हि.स.)। लालकुआं विधायक डॉ.मोहन बिष्ट ने मंगलवार को अपने आवास पर विधानसभा क्षेत्र के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए वह हरसंभव सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से उच्च शिक्षा प्राप्त कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने और जिस भी क्षेत्र में सेवा का अवसर मिले, वहां आदर्श स्थापित करने का आह्वान किया।

डॉ. बिष्ट ने कहा कि विद्यार्थियों को अध्ययन से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे निसंकोच उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मेधावी छात्रों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने अभिभावकों से भी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और क्षेत्र के विकास को लेकर अपने सुझाव साझा करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि आपसी संवाद और जनसहभागिता के माध्यम से विद्यालयों में बेहतर शिक्षा व्यवस्था तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं,उनके अभिभावक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर