सिडकुल में अश्लील हरकतों पर पुलिस की कार्रवाई, हिरासत में पांच महिलाएं
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
हरिद्वार, 09 जून (हि.स.)। थाना सिडकुल पुलिस ने क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर सार्वजनिक स्थानों पर कथित अश्लील हरकतों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस ने पेंटागन मॉल स्थित एक स्पा सेंटर पर भी छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में स्थित राठौर प्लाजा होटल के सामने कुछ महिला द्वारा आने-जाने वाले लोगों के प्रति अशोभनीय और आपत्तिजनक हरकतें किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों द्वारा लगातार विरोध जताए जाने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अजय शाह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
महिला उपनिरीक्षक मनीषा नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सत्यापन किया। जांच के दौरान कुछ महिलाएं कथित रूप से आपत्तिजनक गतिविधियों में संलिप्त पाई गईं, जिसके बाद महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से उन्हें हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी पांच महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की है। इसके अलावा सिडकुल क्षेत्र में स्थित पेंटागन मॉल के एक स्पा सेंटर पर भी पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक शालीनता और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।

