हरिद्वार, 29 जून (हि.स.)। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 45 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 22 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, राशन कार्ड, विद्युत, पेयजल, पुलिस, अतिक्रमण और जलभराव जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। टीबड़ी निवासी गोविंद ने अंबेडकर पार्क के सामने नाले पर हुए अवैध कब्जे को हटाने की मांग की। औरंगाबाद निवासी परवीन कुमार ने खेत में दो माह से गिरी 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन हटाने की गुहार लगाई। अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि एल-1 स्तर पर 504 तथा एल-2 स्तर पर 132 शिकायतें लंबित हैं, जिन्हें शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए। बैठक में परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

