उदास चेहरों पर लौटी मुस्कान, एसएसपी नवनीत सिंह ने लौटाए 51 खोए मोबाइल

हरिद्वार, 10 जून (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने खोए हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाकर कई परिवारों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। बुधवार को देहात क्षेत्र के दौरे के दौरान एसएसपी ने कोतवाली परिसर में गंगनहर पुलिस द्वारा बरामद किए गए 51 मोबाइल फोन उनके मालिकों को सुपुर्द किए।

पुलिस के अनुसार बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल बाजार कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। मोबाइल प्राप्त करने वाले कई लोगों ने बताया कि उन्होंने अपने फोन वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी, लेकिन हरिद्वार पुलिस के प्रयासों से उन्हें उनका कीमती सामान वापस मिल गया।

मोबाइल स्वामियों ने खोए हुए फोन से जुड़े अपने व्यक्तिगत डाटा, यादों और जरूरी दस्तावेजों के सुरक्षित वापस मिलने पर खुशी जताते हुए हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस दौरान लोगों ने पुलिस की कार्यशैली और तत्परता की सराहना भी की।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान और उनकी संपत्ति की सुरक्षा के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार प्रयासरत है। उन्होंने पुलिस टीम की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार प्रभावी कार्यवाही जारी रखने की बात कही।

---------------

   

सम्बंधित खबर