उत्तराखंड जल संस्थान का नाम लिखे ट्रैक्टर से खुले नाले में अपशिष्ट जल प्रवाहित करने का मामला उजागर
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
हरिद्वार, 01 जून (हि.स.)। उत्तराखंड जल संस्थान का नाम अंकित ट्रैक्टर इस्तेमाल कर खुले नाले में अपशिष्ट जल प्रवाहित किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
30 मई को उत्तराखंड जल संस्थान के जोन-प्रथम भूपतवाला स्थित कार्यालय के अपर सहायक अभियंता ने कोतवाली नगर में लिखित तहरीर देकर बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति विभाग का नाम लिखे ट्रैक्टर-सेक्शन मशीन का उपयोग कर अपशिष्ट जल को खुले नाले में बहा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चौकी प्रभारी सप्तऋषि उपनिरीक्षक विक्रम सिंह बिष्ट और उनकी टीम ने जांच शुरू की। ट्रेक्टर और उसके चालक की पहचान कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान लाल सिंह पुत्र रोशन लाल, निवासी ग्राम ब्रह्मपुर, थाना कोतवाली रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में बताई। उसने बताया कि ट्रैक्टर उसके भांजे स्वर्गीय सोनू पुत्र रमेश कुमार का था, जो पहले शिवालिक नगर स्थित जल संस्थान में कार्य करता था। इसी कारण ट्रैक्टर पर उत्तराखंड जल संस्थान अंकित कराया गया था।
चालक ने स्वीकार किया कि ट्रैक्टर स्वामी की मृत्यु के बाद भी उस पर लिखा विभागीय नाम नहीं हटाया गया। वह इसी नाम का उपयोग कर ठेके पर अपशिष्ट जल का परिवहन करता था और उसे खुले नालों में प्रवाहित करता था। पुलिस ने संबंधित ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मुकदमे में दाखिल कर दिया है तथा उसे चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

