रिंगाल और बांस शिल्प प्रशिक्षण से स्वरोजगार को बढ़ावा

देहरादून, 22 जून (हि.स.)। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की ओर से रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ ब्लॉक के मक्कूमठ ग्राम पंचायत में 14 दिवसीय रिंगाल एवं बांस शिल्प प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है। यहां ग्रामीणों को विभिन्न उत्पाद बनाना सिखाया जा रहा है।

आरसेटी निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि स्थानीय संसाधन आधारित कौशल गांवों में रोजगार बढ़ाकर पलायन रोकेगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण बीते 17 जून से चल रहा है।

प्रशिक्षक वीरेंद्र बर्त्वाल उद्यमिता, लागत-लाभ, ब्रांडिंग व बैंक ऋण की जानकारी दे रहे हैं। मास्टर ट्रेनर प्रेम लाल प्रतिभागियों को पेन स्टैंड, टोकरी, डस्टबिन, बालों की क्लिप जैसे उत्पाद बनाना सिखा रहे हैं। ग्रामीण बाजार मांग के अनुसार उत्पाद बनाकर आत्मनिर्भर बनने को उत्साहित हैं।

प्रशिक्षणार्थी आशा देवी, पूनम देवी, सुरकली देवी ने कहा कि यह प्रशिक्षण नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है। ग्राम प्रधान सुनीता देवी व नंद किशोर थपलियाल सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।

------------

   

सम्बंधित खबर