हरिद्वार, 30 जून (हि.स.)। हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र के बोडाहेड़ी गांव में हालिया खूनी विवाद और पथराव की घटना के बाद पुलिस ने मंगलवार को 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के नौ लोगों को हिरासत में लिया। साथ ही ड्रोन कैमरे से गांव की निगरानी कर कई मकानों की छतों पर रखे ईंट-पत्थरों को हटाने के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। गांव में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर दोनों पक्षों के नौ लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126, 135 और 170 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
ड्रोन सर्वे के दौरान कई मकानों की छतों पर ईंट-पत्थर रखे मिले। पुलिस ने संबंधित लोगों को इन्हें तत्काल हटाने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की सामग्री छतों पर मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पूर्व गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव की घटना हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए थे। मंगलवार को भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे तनाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई की।
हिरासत में लिए गए लोगों में एक पक्ष के गुलजार और मुजमिल और दूसरे पक्ष के असगर, सुभान, अफसान, रहीश, फरमान, नदीम और अकबर शामिल हैं। सभी बोडाहेड़ी गांव के निवासी हैं।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
---------------

