रुड़की, 22 जून (हि.स.)। हरिद्वार जिल के रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में राजमहल होटल के पास खड़े एक ट्रक में सोमवार को हाईटेंशन बिजली की लाइन गिरने से भीषण आग लग गई। फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया और ट्रक का डीजल टैंक फटने से बच गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फायर स्टेशन रुड़की से सूचना मिली की राजमहल होटल के निकट खड़े एक ट्रक में आग लगी हुई है। सूचना पर फायर यूनिट मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि ट्रक के ऊपर हाईटेंशन विद्युत लाइन गिरने के कारण उसमें आग लग गई थी।
मौके पर पहुंची फायर टीम ने देखा कि विद्युत आपूर्ति चालू थी। ऐसे में कंट्रोल रूम को सूचना देकर पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद फायर कर्मियों ने सुरक्षित तरीके से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर सर्विस की तत्परता और सूझबूझ के चलते ट्रक के डीजल टैंक तक आग पहुंचने से रोक दिया गया। इससे आसपास के क्षेत्र में संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया।

