झाड़ियों के बीच किताबों और प्रशिक्षण सामग्री से लदा टेंपो मिलने के मामले में जांच शुरू
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
बीएसए कार्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है दांग स्कूल परिसर
मुरादाबाद, 01 जून (हि.स.)। कंपोजिट विद्यालय दांग परिसर में झाड़ियों के बीच किताबों और प्रशिक्षण सामग्री से लदा टेंपो मिलने से बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामला सामने आने के बाद सोमवार को विभागीय अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी। घटना ने विभाग की निगरानी व्यवस्था और रिकॉर्ड प्रबंधन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जबकि दांग स्कूल परिसर बीएसए कार्यालय से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसमें खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, लेखा एवं वित्त अधिकारी कार्यालय और सुगम्य पुस्तकालय भी संचालित है। इसी परिसर में विभागीय किताबों और शैक्षिक सामग्री का गोदाम भी बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को कुछ युवक टेंपो लेकर परिसर में पहुंचे और गोदाम के पीछे वाहन खड़ा कर उसमें बड़ी संख्या में किताबें और अन्य सामग्री भर ली। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को इस गतिविधि की भनक तक नहीं लगी। जब टेंपो में किताबें लदी होने की जानकारी सामने आई तो विभाग में अफरा-तफरी मच गई।
खंड शिक्षा अधिकारी वेगीश गोयल ने बताया कि नागफनी थाने में तहरीर देने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो सके। उनके अनुसार टेंपो में मिली सामग्री शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से संबंधित है। विभाग की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए बड़ी संख्या में किताबें, मॉड्यूल और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाती रही है। यह सामग्री कई साल पुरानी है।
डीसी समग्र शिक्षा शिवम शुक्ला ने बताया कि सभी पाठ्यपुस्तकें वितरित की जा चुकी हैं और नई किताबों का कोई स्टॉक गोदाम में नहीं बचा है।

