कांवड़ पटरी पर मिली लाश से सनसनी, वाहन की टक्कर या कुछ और?
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
हरिद्वार, 14 जून (हि.स.)। जनपद के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के ग्राम बाजूहेड़ी के पास कांवड़ पटरी पर सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
रविवार सुबह राहगीरों ने कांवड़ पटरी के किनारे एक व्यक्ति को घायल अवस्था में पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और शव को रुड़की सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक के हाथ पर नसीम नाम का टैटू गुदा हुआ है। उसने गले में काला गमछा पहन रखा था तथा नेवी ब्लू रंग की नेकर और आसमानी-सफेद रंग की चेकदार लुंगी पहनी हुई थी।
कलियर कोतवाली प्रभारी एवं सीओ ने बताया कि मृतक प्रथम दृष्टया घुमंतू प्रवृत्ति का प्रतीत हो रहा है। उसकी पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

