मुख्यमंत्री ने चार अत्याधुनिक एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी, बोले-पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत

देहरादून,18 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से चार अत्याधुनिक एम्बुलेंस का फ्लैग ऑफ किया। यह पहल राज्य के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि निजी संस्थाओं की ओर से जनहित में किया जा रहा सहयोग सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में समय पर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है और एचडीएफसी बैंक की ओर से उपलब्ध कराई गई ये एम्बुलेंस जरूरतमंद लोगों तक त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगी।

मुख्यमंत्री ने एचडीएफसी बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बड़े धार्मिक आयोजनों, आपदा की स्थितियों और दुर्गम क्षेत्रों में ऐसी सेवाएं बेहद उपयोगी साबित होंगी। उन्होंने आगामी हरिद्वार कुंभ एवं अन्य पर्वतीय जनपदों के लिए भी सीएसआर के माध्यम से अतिरिक्त एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई। बैंक अधिकारियों ने जानकारी दी कि इन एम्बुलेंस में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और आवश्यक आपातकालीन उपकरण उपलब्ध हैं। साथ ही आगामी तीन वर्षों तक प्रत्येक एम्बुलेंस में चिकित्सक, नर्स, अटेंडेंट एवं चालक की व्यवस्था भी बैंक द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। प्रारंभिक चरण में ये एम्बुलेंस चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जनपदों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी। भविष्य में प्रमुख धार्मिक आयोजनों एवं आपदा प्रबंधन कार्यों में भी इनका उपयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी,विनोद कंडारी, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, एचडीएफसी बैंक के से मुस्कान सिंह (ब्रांच बैंकिंग हेड-नॉर्थ 3), संजीव कौशिक (रीजनल हेड- नॉर्थ3),जोनल हेड उत्तराखंड बकुल सिक्का, स्टेटहेड उत्तराखंड गौरव जैन एवं आयुष सिंघल मौजूद थे।

   

सम्बंधित खबर