कोटद्वार में हुई चोरियों का पुलिस ने किया खुलासा, चार गिरफ्तार

पौड़ी गढ़वाल, 23 जून (हि.स.)। कोटद्वार पुलिस ने कोटद्वार क्षेत्र में बीते दिनों हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जबकि दो विधि-विवादित किशोर संरक्षण में लिए है।

एएसपी मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि बीती 19 जून को कोटद्वार निवासी प्रदीप कुकरेती द्वारा कोतवाली कोटद्वार में शिकायती प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि वह 3 जून से उनका घर बंद था और वापस आने पर उन्होंने पाया कि घर के दरवाजे खुले हुए हैं और अज्ञात चोर घर से घरेलू सामान चोरी कर ले गए हैं। बताया कि 21 जून को जल निगम के अधिशासी अभियंता अजय बेलवाल ने तहरीर दी कि जल निगम कॉलोनी स्थित उनके सरकारी आवास का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर दी है। बताया कि दोनो मामलों में सबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

बताया कि चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए तकनीकी एवं सर्विलांस माध्यमों से संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी एकत्रित की गई। पुलिस टीम द्वारा लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सूक्ष्मता से परीक्षण किया गया। फुटेज के विश्लेषण एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कुछ संदिग्ध युवकों की गतिविधियां प्रकाश में आईं। जिस पर पुलिस ने लगातार पतारसी-सुरागरसी, मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अथक प्रयास करते हुए दिनांक दोनों चोरी की घटनाओं में शामिल प्रमिन्द्र उर्फ पप्पी, अमन कुमार, सुरेन्द्र उर्फ सनम, तस्लीम अहमद उर्फ काला को गिरफ्तार किया और 2 विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी गया लाखों रुपये मूल्य का सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन, वेद प्रकाश, विनोद चपराना, मुख्य आरक्षी करण कुमार, कुलदीप कुमार, आशीष बिष्ट, चन्द्रपाल, कुलदीप आदि शामिल रहे।

   

सम्बंधित खबर