हरिद्वार, 21 जून (हि. स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शांतिकुंज के सैकड़ों साधकों ने रविवार को हर की पैड़ी के निकट पंतद्वीप क्षेत्र में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया।
योगाभ्यास के बाद साधकों ने क्षेत्र में फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया। शांतिकुंज के प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान प्लास्टिक, कागज, कपड़े और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को अलग-अलग एकत्रित किया गया। हाल में सोमवती अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण क्षेत्र में बड़ी मात्रा में कचरा जमा हो गया था।
अभियान के दौरान साधकों ने लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की। बाद में प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए वाहनों के माध्यम से एकत्रित कचरे को निस्तारण के लिए भेजा गया। शांतिकुंज परिवार ने स्वच्छता को सेवा और साधना का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दोहराया।

