यूपी को पिछले वित्तीय वर्ष के सापेक्ष फरवरी 2025 तक 14076.13 करोड़ अधिक राजस्व मिला

-प्रदेश सरकार की कुशल वित्तीय अनुशासन एवं बेहतर कानून व्यवस्था की वजह से प्रदेश की अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूत हो रही है

लखनऊ, 6 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि प्रदेश सरकार के मुख्य कर करेत्तर राजस्व वाले मदों के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 की तुलना में 2024-25 में फरवरी माह तक 14076.13 करोड रुपये अधिक राजस्व प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने गुरुवार को कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 की तुलना में वित्तीय वर्ष 2024-25 के फरवरी माह तक मुख्य करेत्तर राजस्व वाले मदों में यह वृद्धि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के कुशल वित्तीय प्रबंधन एवं कानून व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की कुशल वित्तीय अनुशासन एवं बेहतर कानून व्यवस्था की वजह से प्रदेश की अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूत हो रही है।

वित्त मंत्री ने बताया कि मुख्य कर-करेत्तर राजस्व वाले मदों में वित्तीय वर्ष 2024-25 के फरवरी माह तक कुल 1,87,987.69 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। जबकि वित्तीय वर्ष 2023-24 के फरवरी माह तक 1,73,911.56 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस प्रकार वित्तीय वर्ष 2024-25 में गत वर्ष की तुलना में फरवरी माह तक 14,076.13 करोड़ रुपये का राजस्व अधिक प्राप्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि जीएसटी के अन्तर्गत फरवरी माह 2025 तक कुल 75,749.80 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई। जबकि गत् वर्ष 2024 के फरवरी माह तक प्राप्ति 68,450.16 करोड़ रुपये रही थी। जो वित्तीय वर्ष 2024-25 के फरवरी माह तक राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य का 72.6 प्रतिशत है। वैट के अन्तर्गत फरवरी, 2025 तक 27,623.85 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य का 74.4 प्रतिशत है। जबकि गत् वर्ष फरवरी, 2024 तक प्राप्ति 26,822.93 करोड़ रुपये रही थी।

मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि आबकारी मद के अन्तर्गत माह फरवरी, 2025 तक कुल 42,830.01 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई। जबकि गत् वर्ष फरवरी, 2024 तक प्राप्ति 41,224.43 करोड़ रुपये रही थी। वित्तीय वर्ष 2024-25 में फरवरी माह तक प्राप्ति अपने निर्धारित लक्ष्य का 81.4 प्रतिशत है। स्टाम्प तथा निबन्धन के अन्तर्गत फरवरी, 2025 तक की राजस्व प्राप्ति 27,588.41करोड़ रुपये है। जबकि फरवरी, 2024 तक प्राप्ति 24,439.78 करोड़ रुपये रही थी। स्टांप तथा निबंधन मद के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024- 25 में फरवरी माह तक प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य का 84.5 प्रतिशत है। इसी प्रकार परिवहन मद के अन्तर्गत फरवरी, 2025 तक की राजस्व प्राप्ति 10,419.81 करोड़ रुपये है। फरवरी, 2024 तक यह प्राप्ति 9,427.01 करोड़ रुपये रही थी। परिवहन के अंतर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष में माह फरवरी तक राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य का 92 प्रतिशत है। करेत्तर राजस्व प्राप्ति की प्रमुख मद भू-तत्व तथा खनिकर्म के अन्तर्गत फरवरी, 2025 तक 3,775.81 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्ति रही है जो कि फरवरी माह तक के निर्धारित लक्ष्य का 76.3 प्रतिशत है। जबकि फरवरी, 2024 तक यह प्राप्ति 3,547.25 करोड़ रुपये रही थी।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

   

सम्बंधित खबर