धार्मिक स्थल रेणुकाजी मेला मैदान में शादी समारोह के दौरान शराब सेवन पर केस दर्ज
- DSS Admin
- May 12, 2026
नाहन, 12 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले के श्री रेणुकाजी में धार्मिक स्थल मेला मैदान में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान शराब सेवन किए जाने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह मामला वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री रेणुकाजी अनुज तोमर की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार वन मंडल अधिकारी रेणुकाजी की ओर से 4 और 5 मई 2026 को मेला मैदान में हरीश कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी ददाहू को विवाह समारोह आयोजित करने की अस्थायी अनुमति दी गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और जानकारी सामने आई, जिनमें समारोह के दौरान शराब सेवन किए जाने की बात सामने आई।
शिकायत में कहा गया है कि श्री रेणुकाजी क्षेत्र धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ स्थान है और यहां शराब के सेवन पर पूरी तरह प्रतिबंध है। मामले को धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मानते हुए पुलिस थाना रेणुकाजी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी व अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखें और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------

