तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक देबप्रसाद बाग गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 02, 2026
पूर्व बर्धमान, 02 जून (हि. स.)। कालना के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक देबप्रसाद बाग को आर्थिक धांधली और धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कालना पुलिस ने मंगलवार सुबह उन्हें गिरफ्तार किया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कालना पुलिस ने सोमवार रात से कालना शहर स्थित पूर्व तृणमूल विधायक के घर और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया। अभियान में पुलिस के साथ केंद्रीय बलों की भी मौजूदगी रही। देर रात केंद्रीय बलों द्वारा विधायक के घर की घेराबंदी की खबर फैलते ही इलाके में हंगामा मच गया। रात भर की तलाशी और पूछताछ के बाद पुलिस ने मंगलवार तड़के देबप्रसाद बाग को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें कालना पुलिस पहले कालना थाने लाया गया। हालांकि बाद में एहतियातन उन्हें नादनघाट ले जाया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जायेगी।
---------------

