अंडमान-निकोबार में अगले 5 दिन तक भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी पांच दिनों के लिए अंडमान निकोबार के लिए अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में 21 अक्टूबर को साइक्लोनिक निम्न दवाब क्षेत्र बनने के चलते वहां तेज हवाएं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के महानिदेश धनंजय महापात्रा ने शनिवार को बताया कि 21 तारीख को अंडमान सागर में एक निम्न दवाबा का क्षेत्र बन रहा है। यह निम्न दवाब 23 तारीख को उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर चल कर एक अधिक निम्न दवाब में तब्दील हो सकता है। इसके प्रभाव में अंडमान सागर में 19-21 अक्टूबर तक 45 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने और भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद यह स्थिति 23 अक्टूबर तक बनी रहेगी। इसके प्रभाव में तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है, इसलिए मछुआरों के साथ पर्यटकों को भी इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गयी है।

महापात्रा ने बताया कि उत्तर बंगाल की खाड़ी में 23-25 अक्टूबर तक 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसके प्रभाव से अंडमान निकोबार में भारी बारिश की संभावना जताई गयी है। इसलिए मछुआरों को 21 से 25 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर में नहीं जाने की चेतावनी जारी की गयी है। जो मछुआरे समुद्र में गए हैं उन्हें भी 21 अक्टूबर तक लौटने की चेतावनी जारी की है। 23 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

   

सम्बंधित खबर