ग्वालियर: शहर में पहली बार तापमान पहुंचा 41 डिग्री पर

ग्वालियर, 25 अप्रैल(हि.स.)। शुष्क मौसम में सूरज अब रौद्र रूप दिखाने लगा है। सीजन में पहली बार गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को शाम के समय बादल छा सकते हैं। यदि तापमान में और बढोतरी हुई तो ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ छुटपुट बूंदाबांदी भी हो सकती है।

पिछले तीन दिन से मौसम शुष्क होने के साथ पश्चिम से शुष्क हवाएं भी आ रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भी मौसम शुष्क रहा। इसके चलते सुबह से ही धूप काफी तेज रही। दोपहर होते-होते सूरज ने रौद्र रूप दिखाया तो अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 1.2 डिग्री बढ़कर 41.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो औसत से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इससे पहले सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस 19 अपै्रल को दर्ज किया गया था। आज न्यूनतम तापमान पिछले दिन की तरह 22.0 डिग्री सेल्सियस पर ही टिका रहा जो औसत से 1.0 डिग्री सेल्सियस कम है।

स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि 26 अपै्रल शुक्रवार को हिमालय में एक पश्चिमी विक्षोभ पहुंचने की संभावना है। इधर मध्य प्रदेश के दक्षिणी भाग में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। जहां से मराठवाड़ा में बने चक्रवाती परिसंचरण से होते हुए दक्षिण कर्नाटक तक एक द्रोणिका गुजर रही है। यह मौसम प्रणालियां कमजोर स्थिति में हैं इसलिए ग्वालियर-चंबल संभाग में इनका बहुत ज्यादा असर नहीं होगा। हालांकि शुक्रवार शाम को बादल छा सकते हैं। यदि ओवर हीटिंग हुई तो संभाग में कहीं-कहीं तेज हवा और गरज-चमक के साथ छुटपुट बूंदाबांदी भी हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मयंक

   

सम्बंधित खबर