बालुरघाट में किन्नरों ने किया मतदान, मताधिकार का प्रयोग करने पर जताई खुशी

दक्षिण दिनाजपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के तीन लोकसभा सीटों दार्जिलिंग, रायगंज और बालुरघाट में शुक्रवार को मतदान हो रहा है। बालुरघाट में आम लोगों की तरह तीसरे लिंग (थर्ड जेंडर) के 79 लोग मतदान करने पहुंचे।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट केंद्र पर थर्ड जेंडर मतदाता अपने वोटर कार्ड के साथ खड़े थे। बालुरघाट के वार्ड संख्या 21 के सामुदायिक भवन में मतदान चल रहा है। यहां सुबह महिलाएं और पुरुष वोट डालने पहुंचे। थर्ड जेंडर मतदाता चंपा कतार में खड़े बुजुर्गों के साथ वोट देने पहुंचीं।

उन्होंने कहा कि मतदान करना अच्छा लगता है। शांत और निष्पक्ष माहौल में मतदान करने के लिए अलग व्यवस्था के लिए चुनाव आयोग को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उनके पास पहले कोई वोटर कार्ड नहीं था। उन्हें अपना कार्ड मिले 10 साल हो गए हैं। इस बार वे अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग कर सके हैं। बालुरघाट लोकसभा क्षेत्र में केंद्रीय बलों की 73 कंपनियां तैनात हैं। इस वर्ष बालुरघाट लोकसभा क्षेत्र में 36 बूथ महिलाओं द्वारा संचालित हैं।केंद्रीय बलों की महिला सुरक्षाकर्मी भी सुरक्षा की कमान संभाल रही हैं।

उल्लेखनीय है कि बालुरघाट लोकसभा क्षेत्र में सात विधानसभाएं बालुरघाट, कुमारगंज, तपन, गंगारामपुर, कुशमंडी, हरिरामपुर और इटाहार शामिल हैं। बालुरघाट लोकसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 15 लाख 56 हजार 907 है। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या सात लाख 61 हजार 52 है। पुरुष मतदाताओं की संख्या सात लाख 95 हजार 776 और थर्ड जेंडर मतदाता 79 हैं। हिन्दुस्थान समाचार /गंगा

   

सम्बंधित खबर