मेरठ में फिर आया तेंदुआ, वन विभाग ने चलाया सर्च अभियान

मेरठ, 27 अप्रैल (हि.स.)। मेरठ शहर तेंदुए की पनाहगाह बन गया है। आए दिन मेरठ के विभिन्न हिस्सों में तेंदुए दिखाई दे रहे हैं। कसेरूखेड़ा में तेंदुआ पकड़े जाने के बाद अब कंकरखेड़ा में तेंदुआ दिखाई दिया है। वन विभाग ने उसकी तलाश में सर्च अभियान चलाया है।

मेरठ के कई हिस्सों में तेंदुआ लगातार दिखाई दे रहा है। कुछ दिन पहले कसेरूखेड़ा में घर में घुसे तेंदुए को वन विभाग और पुलिस ने पकड़ा था और इसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया था। अब कंकरखेड़ा में तेंदुआ लोगों को दिखाई दिया। इस तेंदुए ने एक गोवंश को भी घायल कर दिया। इससे पूरे शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में कासमपुर नाले के पास शनिवार को वन विभाग ने तेंदुए की तलाश में सर्च अभियान चलाया। कुछ जगह पर वन विभाग की टीम को तेंदुए के पंजे के निशान मिले। लोगों का कहना है कि अंबेडकर रोड स्थित साधुनगर के पास जंगल में पिछले चार दिनों के अंदर एक बछड़ा मृत पाया गया और एक बछड़ा घायल पाया गया। इसके बाद लोगों ने शुक्रवार को वन विभाग को फोन पर तेंदुआ होने की जानकारी दी। वन्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश कर रही है। अभी तेंदुए के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/पवन

   

सम्बंधित खबर