जनता की सेवा के लिए अपने पद से इस्तीफा दिया : नीरज त्रिपाठी

प्रयागराज, 29 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी ने जनसम्पर्क के दौरान कहा कि मेरे पिता पूर्व राज्यपाल पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी ने राजनीति की लम्बी पारी खेली। लेकिन उनके दामन में एक भी भ्रष्टाचार के दाग नहीं लगे। उन्हीं के मार्गदर्शन पर चलते हुए जनता की सेवा का व्रत लिया हूं और जनता की सेवा के लिए मैंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

भारतीय जनता पार्टी, अपना दल एवं निषाद पार्टी के संयुक्त इलाहाबाद लोकसभा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी ने सोमवार को करछना विधानसभा स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित सामाजिक समरसता की बैठक की। उन्होंने जनसम्पर्क जन संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ता एवं जनता से संवाद स्थापित किया।

नीरज त्रिपाठी ने कहा कि प्रयागराज विकास के लिए लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरा हूं। इसके लिए देश और प्रदेश के विकास के लिए हमें मोदी और योगी के हाथों को मजबूत करना होगा।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि आज रामपुर बाजार, करछना, घटवा चौराहा, बरदहा, अकोढ़ा बाजार, राजपूत मार्केट, हथिगन, बारादरी कर्मा, छरिबना क्षेत्र में जनसम्पर्क किया गया। इस अवसर पर विधायक पीयूष रंजन निषाद, जिलाध्यक्ष यमुनापार विनोद प्रजापति, दिलीप चतुर्वेदी, पुष्पराज सिंह, पंकज द्विवेदी, नागेश्वर निषाद, अमित पांडे, रिंकू सिंह, दिवाकर सिंह, आनंद वैश्य सुदर्शन एवं भाजपा यमुनापार के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर