विवि की लिफ्ट में एक घंटे तक फंसी रही महिला कॉलेज की प्राचार्या, मूकदर्शक बने रहे कर्मी

पलामू, 30 अप्रैल (हि.स.)। नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय की बैठक में शामिल होकर लौट रही योध सिंह नामधारी महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डा. मोहिनी गुप्ता विश्वविद्यालय की लिफ्ट में फंस कर रह गई। लगभग एक घंटे तक विश्वविद्यालय की लिफ्ट में फंसे रहने के उपरांत उन्हें किसी तरह बाहर निकाला गया। ऐसी स्थिति में वहां उपस्थित विश्वविद्यालय कर्मचारी व पदाधिकारी मुकदर्शक बने रहे।

अखिल विद्यार्थी परिषद के पलामू जिला संयोजक सुमित पाठक ने इस मामले पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करते हुए कहा कि क्या विश्वविद्यालय के पास त्वरित कार्रवाई हेतु कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण इस भीषण गर्मी में प्राचार्या को एक घंटे तक लिफ्ट में जद्दोजहद करनी पड़ी। इस मामले से साबित होता है कि विश्वविद्यालय सुरक्षा मानकों को पूरा करने में खरा नहीं उतर पा रहा है। बड़ा हादसा होने पर क्या स्थिति होगी, इसकी कल्पना की जा सकती है।

इस विषय पर जब परिषद कार्यकर्ताओं ने सी.सी.डी.सी. डा. ए.के. पाण्डेय से बात की तो उन्होंने भी गोलमोल जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय को हमेशा वैकल्पिक व्यवस्था रखनी चाहिए, जिससे विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी व छात्र छात्राओं को इस प्रकार की परेशानी होने पर कम समय में उनकी मदद की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर