भाजपा सरकार का निर्णय जनता के खिलाफ : शिवपाल यादव

इटावा, 01 मई (हि.स.)। ये चुनाव इंडिया गठबंधन का बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी बहुत ही खराब पार्टी है। ऐसे-ऐसे निर्णय लिए हैं जिनसे जनता को कोई लाभ नहीं हुआ है, जनता परेशान हुई है। यह बातें जसवंतनगर में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कही।

मैनपुरी सीट से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव के समर्थन में जनसभा करते हुए मंच से चाचा शिवपाल ने कहा कि मैं जसवंतनगर के लोगों से कहना चाहूंगा कि इन भारतीय जनता पार्टी वालों को ऐसा इंजेक्शन लगाना कि इनकी चीख दिल्ली तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि अबकी बार साइकिल का बटन दबाना, डिंपल यादव को जिताना और भारतीय जनता पार्टी को हटाना। इन बेइमानों ने एक भी काम किया हो, केवल जनता का शोषण किया, हम लोगों की सरकार बनेगी नोट कर लेना इस बार मय ब्याज वसूलने का काम होगा। अबकी बार जो झूठे हैं, जो ठगई करते हैं एक भी दिखाई नहीं देगा।

बता दें कि जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर सपा की जनसभाएं आयोजित की गई। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ चाचा शिवपाल यादव एक ही मंच पर साथ-साथ दिखे और पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगे। जनता से अपील की इस चुनाव में भारी मतों से विजयी बनाने में साइकिल के बटन दबाएं। इस दौरान सपा नेताओं के साथ पदाधिकारी व भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/मोहित/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर