सीमैट में आन्ध्र प्रदेश के अधिकारियों का एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम शुरू

प्रयागराज, 06 फरवरी (हि.स.)। राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान (सीमैट) उप्र प्रयागराज में सीमैट आन्ध्र प्रदेश के संकाय सदस्यों एवं अधिकारियों का तीन दिवसीय एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम मंगलवार से शुरू हुआ जो 08 फरवरी तक आयोजित है।

उद्घाटन सत्र में सीमैट निदेशक दिनेश सिंह ने आन्ध्र प्रदेश सीमैट के निदेशक वी.एन. मस्तानैया का स्वागत किया। तत्पश्चात् प्रतिभागी संकाय सदस्यों एवं अधिकारियों से संस्थान के विकास में संकाय सदस्यों की भूमिका व कार्य दायित्वों पर चर्चा की तथा उनके प्रोफेशनल डेवलपमेंट पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि समग्र शिक्षा में सीमैट संकाय सदस्यों की शैक्षिक प्रबन्धन एवं प्रशासन के क्षेत्र में प्रशिक्षण में उनकी अहम भूमिका है। साथ ही उप्र शैक्षिक संरचना और शैक्षिक विकास के विभिन्न कार्यक्रमों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की विशिष्टताओं, मुख्य प्राविधानों और शैक्षिक विकास के प्रमुख लक्ष्यों आदि की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा नई शिक्षानीति के तहत शैक्षिक ढांचे और प्रबन्धन के क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सीमैट जैसी संस्थाओं को महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर प्रकाश डाला।

आन्ध्र प्रदेश सीमैट के निदेशक वी.एन. मस्तानैया ने कहा कि सीमैट उप्र, प्रयागराज भ्रमण का अवसर हमारे लिए बहुत लाभप्रद होने वाला है। यहाँ के संकाय सदस्यों के साथ अनुभवों का आदान-प्रदान दोनो ही सीमैट को लाभ पहुंचायेगा। इस पावन भूमि में आगमन शिक्षा तथा अध्यात्म दोनों दृष्टि से सुखद अनुभव प्रदान करेगा। सीमैट उप्र, प्रयागराज पिछले लगभग 30 वर्षों से उच्च कोटि का शैक्षणिक प्रयास कर रहा है। यह अनुभव हमारे लिए मार्गदर्शन का कार्य करेगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा सीमैट विभागाध्यक्ष डॉ. अमित खन्ना ने प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए अवगत कराया कि सीमैट जैसी संस्थान के सफलतापूर्वक संचालन हेतु जिस दक्षता संवर्द्धन की आवश्यकता होती है उससे सम्बन्धित प्रशिक्षण सामग्री तैयार की गयी है एवं देश प्रदेश स्तर के उच्चस्तरीय विद्वानों को व्याख्यान हेतु आमंत्रित किया गया है। इसके अतिरिक्त उन्होंने सीमैट संस्थान के विजन, फंक्शन, उद्देश्य आदि के बारे में बताया। अन्त में पवन सावंत, प्रवक्ता (शैक्षिक वित्त) ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर संकाय संदस्य प्रभात कुमार मिश्रा, प्रवक्ता (एम.आई.एस.) तथा सरदार अहमद, पुस्तकालयाध्यक्ष आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/सियाराम

   

सम्बंधित खबर