रायबरेली से राहुल गांधी ने किया नामांकन

- सोनिया गांधी,प्रियंका, रॉबर्ट वाड्रा और मल्लिकार्जुन खरगे भी रहे मौजूद

रायबरेली,03मई(हि. स.)।राहुल गांधी ने रायबरेली से अपना नामांकन दाखिल कर दिया।इस दौरान कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे,सोनिया गांधी,प्रियंका वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा भी मौजूद रहे।इसके पहले राहुल ने पूरे परिवार के साथ कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय में हवन-पूजन किया।जहां से उनका काफ़िला एक भारी भीड़ के साथ डिग्री कॉलेज चौराहे पहुंचा।इसके बाद वह प्रस्तावकों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और अपना नामांकन दाख़िल किया। कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह देखकर गांधी परिवार के चेहरे पर ख़ुशी थी।प्रियंका ने इस दौरान कई कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की।

दरअसल कांग्रेस और ख़ासकर गांधी परिवार के लिए रायबरेली हमेशा से ही सेफ सीट रही है।पार्टी ने अब तक यहां से 17 चुनाव जीते हैं जिसमें 1999 के अलावा हर बार गांधी परिवार का ही प्रत्याशी रहा है। 1952 से ही रायबरेली सीट पर गांधी परिवार की परंपरागत सीट रही है। पहली बार इस सीट पर फिरोज गांधी सांसद बने थे।1957 में फ़िरोज दुबारा जीते। और 1967,1971 और 1980 में यहां से इंदिरा गांधी चुनाव जीतीं। 1980 और 1984 में फिर से नेहरू परिवार के अरुण नेहरू ने यहां चुनाव जीता।1989 और 1991 में शीला कौल यहां से विजयी हुईं। इसके बाद गांधी परिवार के करीबी सतीश शर्मा इस सीट पर दो बार सांसद रहे। केवल तीन बार 1977,1996 और 1998 में इस सीट पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है।2004 के बाद से लगातार सोनिया गांधी इस सीट से जीतती रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/रजनीश/सियाराम

   

सम्बंधित खबर