महिला ने चार बच्चों दो लड़के और दो लड़की को दिया जन्म

जोधपुर, 6 मई (हि.स.)। जोधपुर के उम्मेद हॉस्पिटल में प्रसूता ने सोमवार दोपहर चार बच्चों को एक साथ जन्म दिया। प्रसूता और उसके चारों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ है। चारों बच्चे ऑपरेशन से हुए है, उन्हें एनसीयू में रखा गया है। महिला की यह तीसरी डिलीवरी है। इससे पहले दो डिलीवरी में उनके बच्चों की मौत हो गई थी।

उम्मेद हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. अफजल हकीम ने बताया कि जैसलमेर की रहने वाली तुलछा पत्नी चंद्रसिंह ने बच्चों को जन्म दिया है। इसमें से दो लड़के है और दो लड़की हैं। उनका इलाज और डिलीवरी डॉ. इंद्रा भाटी की देखरेख में हुआ है। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी पहले दो डिलीवरी में बच्चों की मौत हो गई थी। इस कारण परिजन उनका इलाज जोधपुर उम्मेद हॉस्पिटल आए थे। महिला की सोनोग्राफी से चार बच्चों का होना पता चला था। इस पर टीम के लिए चैलेंज था कि प्रसूता की स्वस्थ और सफल डिलीवरी हो। डॉक्टरों ने सावधानी बरतते हुए प्रसूता को फरवरी महीने में ही हॉस्पिटल में भर्ती कर लिया था। हर दिन प्रसूता की रिपोर्ट डॉक्टर जांच कर रहे थे। अब डिलीवरी सफल रही और जच्चा-बच्चा स्वस्थ है। बच्चों को फिलहाल एनसीयू में रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर