उप्र में हल्की बारिश से बढ़ेगी उमस भरी गर्मी

- आसमान में बादलों की बनी रहेगी आवाजाही

कानपुर, 07 मई (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं से एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मौसम का मिजाज बदलने वाला है। आगामी दो दिन स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन कारणों से उमस भरी गर्मी में इजाफा होगा, तो वहीं आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ निचली और मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं में एक गर्त के रूप में अपनी धुरी के साथ समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर है, जो लगभग 75 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 34 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में चल रहा है। पूर्वोत्तर बिहार और आसपास के इलाकों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि नौ मई से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के पास पहुंच सकता है। मौसम की इन गतिविधियों से आगामी दो दिन उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है। बादलों की आवाजाही आसमान में बनी रहेगी, दिन के तापमान कुछ कम हो सकतें हैं लेकिन रात के तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। इन सबके बावजूद गर्मी से कुछ खास राहत नहीं मिलेगी।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 37.8 और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 62 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 33 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रही जिनकी औसत गति 5.6 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण 11 और 12 मई को स्थानीय स्तर पर गरज-चमक, धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बर्षा होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की गति सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर