दहेज हत्या का आरोपित पति गिरफ्तार

दुमका, 7 मई (हि.स.)। दहेज हत्या के मामले में मुफस्सिल थाना पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। गिरफ्तार पति थाना क्षेत्र के रामपुर कुरूवा गांव निवासी भगीरथ महतो है। भगीरथ मूलरूप से जामताड़ा के बिंदापाथर निवासी है।

जानकारी के अनुसार भगीरथ महतो की शादी के महज तीन माह पहले जामताड़ा जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र के शिमला गांव निवासी कविता कुमारी से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित कर रहे थे। सोमवार को विवाहिता का संदिग्ध अवस्था में शव ससुराल में मिला। विवाहिता का गला दबाकर हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।

सूचना पर विवाहिता के मायके वाले दुमका पहुंचे। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप जांच में जुट गई थी। पुलिस को मृतका के भाई निमाई महतो ने बताया कि इसी साल 13 मार्च को बहन कविता की शादी बिंदापाथर के रूपडीह निवासी भगीरथ महतो से हुई थी। भगीरथ का कुरुवा में भी घर है। शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करते थे।

छह दिन पहले मायके वालों को सूचना दिए बगैर कविता को दुमका के कुरूवा लेकर आ गए। रविवार की रात करीब 11 बजे दंपति को आपस में खाना को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद बहन ने पिता दुर्योधन महतो को फोन कर कहा कि जल्दी आकर ले जाये। अगर देरी की तो उसकी ये लोग हत्या कर देंगे। फोन के करीब एक घंटे बाद बहनोई ने फोन कर बताया कि कविता की मौत हो गई है। पुलिस मामले में पति, पिता और बड़े भाई को हिरासत में लेकर जांच में जुट गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार/ नीरज

   

सम्बंधित खबर