ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो छात्राओं की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

चंपावत, 08 मई (हि.स.)। जिले के एक दूरस्थ गांव में ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से दो छात्राओं की दर्दनाक मौत हो गई। ये दोनों छात्राएं स्कूल से घर लौट रही थीं। छात्राओं की एकाएक हुई मौत से क्षेत्र में जहां मातम पसर गया है वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त किया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए टनकपुर अस्पताल लाया गया है।

धूरा के ग्राम प्रधान कमल किशोर और बुड़म के पूर्व ग्राम प्रधान महेश बोहरा ने बताया कि 8 मई को अपरान्ह को हाईस्कूल में पढ़ने वाली दोनों छात्राएं सूखीढांग-डांडा-मीडार सड़क पर बुड़म से कुछ दूरी पर स्कूल से अपने-अपने घरों को जा रही थीं। इस बीच सड़क से गुजर रहे एक ट्रैक्टर ट्रॉली पर चढ़ गयीं। सड़क के एक मोड़ पर एकाएक देानों छात्राएं ट्रॉली से असंतुलित होकर लुढ़क कर पहिये की चपेट में आने से कुचल गईं। दोनों (बुड़म ग्राम पंचायत के सुकनी तोक की कविता (17) पुत्री हर सिंह और अनीता (16) पुत्री कौशल सिंह बुड़म तोक) छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद चल्थी चौकी से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा भरने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए टनकपुर उप जिला अस्पताल भेजा गया है। स्कूल नहीं होने से बुड़म की ये छात्राएं 12 किलोमीटर दूर तलियाबांज स्कूल जाती थीं। इस वाकये से दोनों परिवारों में मातम पसर गया है। साथ ही क्षेत्र में भी शोक छा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक्स अकाउंट के माध्यम से परिजनों को ढांढस बंधाते हुए छात्राओं की मौत पर शोक प्रकट किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव मुरारी /रामानुज

   

सम्बंधित खबर