अहमदाबाद : दरगाह में तोड़फोड़ के 50 से अधिक आरोपित गिरफ्तार

-गांव में सुरक्षा बल तैनात, वीडियो से उपद्रवियों की पहचान

अहमदाबाद, 10 मई (हि.स.)। अहमदाबाद के समीप पीराणा गांव में इमामशाह बावा की दरगाह पर तोड़फोड़ की घटना में पुलिस ने अब तक 50 से अधिक आरोपितों को पकड़ा है। इलाके में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस ने हत्या की कोशिश, दंगा और धार्मिक भावना भड़काने के संबंध में दो शिकायतें दर्ज की हैं। सीसीटीवी के जरिए आरोपित समेत षड्यंत्र में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

अहमदाबाद जिला पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश जाट ने बताया कि पीराणा गांव की धार्मिक जगह पर कुछ लोगों ने 7 मई की रात तोड़फोड़ की थी। इससे जुड़ा वीडियो भी वायरल हुआ था। घटना के बाद से गांव में पुलिस बल तैनात करने के साथ अब तक 50 से अधिक लोगों को पकड़ा जा चुका है। घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी की मदद ली जा रही है।

वायरल वीडियो के अनुसार यहां करीब 100 लोगों ने यहां तोड़फोड़ की थी। 8 मई की सुबह जब पुलिस को घटना की जानकारी मिली तो पुलिस ने मौके पर जाकर भीड़ को हटाया था, जिस दौरान हमला भी किया गया। इसमें कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया, जिनसे पूछताछ में कई अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार ट्रस्ट और दरगाह के बीच का यह विवाद काफी समय से चल रहा है।

ट्रस्ट और दरगाह के बीच है विवाद

पीराणा गांव स्थित इमामशाह बावा की दरगाह है। यहां ट्रस्ट और दरगाह को लेकर पहले भी कई विवाद हुए हैं। ग्रामीणों और दरगाह के ट्रस्टियों को 8 मई की सुबह पता चला कि दरगाह की कई कब्रों को तोड़ दिया गया है। इसके बाद बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज और ग्रामीण यहां जमा हो गए। पुलिस को भी सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर जाकर जांच में जुट गए।

बताया गया कि 7 मई की देर रात कब्रों को तोड़ा गया था। बाद में 8 मई की सुबह तत्काल दोबारा कब्रों का निर्माण करा दिया गया। पुलिस की हाजिरी में यह काम पूरा कराया गया। गांव में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव

   

सम्बंधित खबर