जादवपुर से भाजपा उम्मीदवार डॉक्टर अनिर्बान गांगुली ने दाखिल किया नामांकन

कोलकाता, 10 मई (हि.स.)। कोलकाता से सटे जादवपुर लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार डॉक्टर अनिर्वाण गांगुली ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। शुक्रवार को टालीगंज के मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद वह जुलूस के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए निकले। उनके साथ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद थे। हजारों लोगों की भीड़ के साथ वह अलीपुर कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंचे और अपना नामांकन दाखिल किया है।

डॉक्टर अनिर्वाण गांगुली ने हिन्दुस्थान समाचार से विशेष बातचीत में कहा कि केवल जादवपुर ही नहीं बल्कि पूरे बंगाल में लोग तृणमूल कांग्रेस के कुशासन, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार से त्रस्त हैं। लोग इससे मुक्ति चाहते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है जिसकी वजह से ममता बनर्जी की पार्टी का भ्रष्टाचार उजागर हो रहा है और कई बड़े नेता जेल में हैं। एक बार फिर नरेंद्र मोदी की सरकार बनानी जरूरी है ताकि बंगाल के भ्रष्टाचारियों के खिलाफ एक्शन जारी रहे। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2026 के विधानसभा के चुनाव में बंगाल की सत्ता से जनता ममता बनर्जी को उखाड़ फेंकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश

   

सम्बंधित खबर