भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह के प्रचार में रालोद कार्यकर्ता बहा रहे पसीना

लखनऊ, 10 मई(हि.स.)। लखनऊ लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी राजनाथ सिंह के प्रचार में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के कार्यकर्ता सुबह शाम पसीना बहा रहे हैं। रालोद कार्यकर्ताओं को गले में हरे रंग का फीता लिए देखकर पहले तो लोग दूसरे किसी प्रत्याशी के प्रचारक समझ रहे हैं। फिर उनके भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह का नाम लेने पर मतदाताओं के चेहरे पर मुस्कान आ जा रही है।

राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता पीसी पाण्डेय और राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व सचिव सुमित सिंह अपने साथी कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह का प्रचार करने निकले। गठबंधन के तहत रालोद कार्यकर्ताओं ने घर घर पहुंचकर मतदाता से विकास कार्यों को देखते हुए कमल के फूल का बटन दबाने की अपील की। भाजपा प्रत्याशी को विजय दिलाकर पुन: देश की संसद में भेजने का आशीर्वाद मांगा।

शुक्रवार को रालोद के कार्यकर्ताओं के प्रचार के दौरान ही उन्हें भाजपा के कार्यकर्ताओं का भी साथ मिला। रालोद कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा के बूथ महामंत्री सुदीप, श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव महेश पाल धनगर, प्रोफेशनल मंच के प्रदेश सचिव मुकेश वर्मा, अध्यक्ष ऋषभ, मनोज सिंह ने भाजपा प्रत्याशी के लिए प्रचार किया।

रालोद के नेता पीसी पाण्डेय ने बताया कि लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में रालोद के कार्यकर्ता गठबंधन के प्रत्याशी को जिताने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। लखनऊ में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। रालोद नेता, कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में राजनाथ सिंह का प्रचार कर रहे हैं। उत्साह के साथ प्रत्याशी का प्रचार हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/सियाराम

   

सम्बंधित खबर