उप्र में 24 लाख से अधिक लोग पाबंद किए गये

लखनऊ, 11 मई (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में शांति भंग की आशंका में सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए 24,75,827 लोगों को पाबन्द किया गया है। वहीं, अब तक 27,29,805 लोगों को पाबन्द किये जाने हेतु नोटिस दी गयी है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शनिवार को यह बताया कि सघन जांच के लिए 464 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट एवं 1730 चेक पोस्ट राज्य के भीतर संचालित हैं। 16 मार्च से 10 मई तक पुलिस विभाग ने आपराधिक व्यक्तियों के 536 लाइसेंसी शस्त्र जब्त किये हैं। 4709 लाइसेंसी शस्त्रों के लाइसेंस निरस्त कर जमा कराया गया है।

इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग ने 9210 बिना लाइसेंसी शस्त्र, 9282 कारतूस, 3019.32 किलोग्राम विस्फोटक व 526 बम बरामद कर सीज किया है। अवैध शस्त्र बनाने वाले 4104 केन्द्रों पर रेड डाली गयी और 176 केन्द्रों को सीज किया गया।

उन्होंने बताया कि 10 मई को पुलिस विभाग ने अपराधिक व्यक्तियों के 04 लाइसेंसी शस्त्र का लाइसेंस निरस्त कर जमा कराया है। सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए 27,101 लोगों को पाबन्द किया गया। इसके अतिरिक्त बिना लाइसेंस के 151 शस्त्र, 133 कारतूस व चार बम बरामद कर सीज किये गये। पुलिस द्वारा अवैध शस्त्र बनाने वाले 88 केन्द्रों पर रेड डाली गयी और तीन केन्द्रों को सीज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/दीपक/सियाराम

   

सम्बंधित खबर