मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- भाजपा सिर्फ पूंजीपतियों की पार्टी

गोरखपुर, 14 मई (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ पूंजीपतियों की पार्टी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश आजादी का क्षेत्र रहा है। यहां से तीन बार लगातार भाजपा ने जीत दर्ज की लेकिन, यहां के सांसद ने सिर्फ अपना विकास किया। तीन बार भाजपा के सांसद रहे हैं लेकिन कोई विकास कार्य नहीं हुआ। इस बार यहां से इंडी गठबंधन के प्रत्याशी सदल प्रसाद को मौका देकर आप लोग देखिए।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंगलवार को गोरखपुर पहुंचे थे। उनके साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने यहां इंडी गठबंधन से बांसगांव लोकसभा सुरक्षित सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सदल प्रसाद के समर्थन में जनसभा की। उन्होंने चौरीचौरा का जिक्र करते हुए मदन मोहन मालवीय और बाबा राघव दास के नाम का भी जिक्र किया।

पूरे देश में विचारधारा की लड़ाई

खड़गे अपने तय समय से करीब 2.30 बजे से डेढ़ घंटे लेट शाम करीब चार बजे सर्वोदय किसान इंटर कॉलेज कौड़ीराम पहुंचे। इससे पहले उन्होंने महराजगंज में भी सभा की। उन्होंने कहा कि पूरे देश में विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ संघ की विचारधारा है, वहीं दूसरी तरफ महात्मा गांधी और जवाहर लाल नेहरू की विचारधारा है।

भाजपा वाले 400 पार का सपना देख रहे

खड़गे ने कहा कि आज भाजपा 400 पार का सपना देख रही है। पीएम मोदी बार-बार 400 पार का नारा दे रहे हैं लेकिन हमें डर लगता है कि भाजपा वाले कहीं 600 पार न बोल दें। खड़गे यहीं नहीं रुके। उन्होंने भाजपा के लोगों पर संविधान बदलने की बात कही। उन्होंने कहा कि आज देश में कुछ है तो सबसे बड़ा संविधान और लोकतंत्र है। लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भाजपा सरकार को हटाना होगा।

सभा को संबोधित करते हुए सपा के महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। इस चुनाव में भाजपा को हराना है। भाजपा बहुत ही घटिया और झूठी पार्टी है। चार चरणों के चुनाव में इंडी गठबंधन को भरपूर समर्थन मिला है, जिससे भाजपा की हवाएं उड़ी हुई हैं।

उन्होंने उत्तर प्रदेश की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सात साल में एक भी विकास के कार्य नहीं किए गए हैं। इसी गोरखपुर क्षेत्र में हमने कई पक्के पुल बनवाए थे। जिसमें सोहगौरा करहकोल सेमरा घाट और बरहज में पुल बनवाया गया था। भाजपा को पूंजीपतियों की पार्टी कहा।

शिवपाल यादव ने कहा कि यूपी सरकार में सिर्फ पर्चा लीक हुआ है। इस सरकार में बेरोजगारों के साथ छल किया गया है। उन्होंने विपक्ष के सभी लोगों को एकजुट होने का संदेश देते हुए इंडी गठबंधन के प्रत्याशी के चुनाव निशान पंजे पर बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशी के जमानत जप्त करने की बात कही। इसके पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गठबंधन के प्रत्याशी सदल प्रसाद ने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने एक बार बांसगांव संसदीय सीट से मौका देने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रिंस/बृजनंदन/आकाश

   

सम्बंधित खबर