देव का ऑडियो वायरल, भाजपा ने लगाया कैश फॉर जॉब का आरोप

घाटाल, 17 मई (हि.स.)। चुनावी मौसम में पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को एक और ऑडियो वायरल हुआ है। भाजपा का दावा है कि यह ऑडियो घाटाल से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार देव का है और इस ऑडियो में नौकरी बेचने से संबंधित बातें हो रही हैं।

दरअसल भाजपा उम्मीदवार हिरन ने एक ऑडियो जारी कर आरोप लगाया कि देव पैसे के बदले नौकरियों के बारे में बात कर रहे हैं। हिरन का दावा है कि एक महिला ने नौकरी की उम्मीद में नौ लाख रुपये दिए। नौकरी न मिलने पर महिला ने फोन कर पैसे वापस मांगे। हिरन ने महिला से फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो जारी किया जो इस प्रकार है -

महिला : देव दा कैसे हैं?

देब : मैं ठीक हूं, आप कैसे हैं?

महिला : मैं ठीक हूं दादा। देव दा एक मामूली बात थी। इसका समाधान नहीं होने के कारण मुझे आपको फोन करने पर मजबूर होना पड़ा है। राम ने मुझसे नौ लाख रुपये लिए। मैंने सायंतन को बताया कि उसने नौकरी देने के लिए नौ लाख रुपये लिए हैं। अब न तो नौकरी दे रहे हैं और न ही पैसे वापस कर रहे हैं। मेरा कोई राजनीतिक से कोई संबंध नहीं है।

देव : मैं गंभीरता से विषय को देखूंगा। मैं अपने हिसाब से पूछूंगा।

हालांकि “हिन्दुस्थान समाचार” इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। लेकिन इस ऑडियो से सियासी भूचाल मच गया है। हालांकि देव इस विषय प्रतिक्रिया देते हुए कहा “महिलाओं की आवाज़ को संपादित किया जा सकता है। चुनाव से पहले भाजपा एक के बाद एक ऑडियो जारी कर रही है जो कि निराधार एवं झूठ हैं। मैं जांच की मांग करता हूं। हालांकि, देव ने जरूरत पड़ने पर केस दर्ज कराने की चेतावनी भी दी है।

तृणमूल नेता रामपद मन्ना से जब संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा, ''यह भाजपा की साजिश है।''

हालांकि हिरन का बयान है, ''देव को पूरी बात पता थी। सायंतन देव का सचिव है। इनका नौकरियां बेचने का गिरोह है। अब लोग मुंह खोलने की हिम्मत कर रहे हैं।” हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर