जैसलमेर के दड़ीसर तालाब में नहाने उतरे दो बच्चों की डूबने से मौत

जैसलमेर, 19 मई (हि.स.)। जिले के दड़ीसर तालाब में नहाने उतरे दो बच्चों की डूबने से मौत हो गयी। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।

जैसलमेर कोतवाली के थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर एक बजे गड़ीसर तालाब पर तीन बच्चे पीयूष (13) पुत्र भूपेंद्र, संजय (13) पुत्र दादूराम और जयंत (14) सूजराम खेलने के लिए गए। इस दौरान पीयूष और संजय नहाने के लिए तालाब में उतर गए। जहां डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल की

दोनों बच्चों के तीसरे दोस्त जयंत ने बताया-वह रविवार को दोपहर करीब 1 बजे शहर के गड़ीसर तालाब पर खेलने के लिए गए। वहां तालाब में पहले से और भी बच्चे नहा रहे थे। इस दौरान पीयूष और संजय ने कहा कि वे भी नहाने के लिए जा रहे हैं। इस दौरान बाकी बच्चे तो तालाब से निकल गए। मगर पीयूष और संजय ने उससे कहा कि उन्हें तैरना आता है। इसके बाद देखा तो दोनों लड़के पानी से बाहर नहीं आ रहे थे। जिस पर मैं पानी में कूदा और एक का हाथ पकड़कर बाहर लाने की कोशिश की। मगर उसका हाथ छूट गया। उसके बाद मैं बाहर आया और रस्सी लेकर मैंने बचाने की कोशिश की। मगर वहां पड़े एक कांच से मेरे पैर में चोट लग गई। इसके बाद मैं उनको बाहर नहीं निकाल पाया। इस पर मैने शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां पहुंच गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों बच्चों के घरों पर जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी के बाद जैसलमेर पुलिस मौके पर पहुंची और इस मामले में वहां मौजूद लोगों से बयान लिए।

जानकारी के अनुसार संजय के पिता टैक्सी ड्राइवर हैं। संजय अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था और छठी क्लास में पढ रहा था। वहीं पीयूष के पिता मजदूरी करते हैं। वह मूलत गांव सोनू (जैसलमेर) का रहने वाला था। वह जैसलमेर में अपने ननिहाल में रहकर 7वीं क्लास में पढाई कर रहा था। पीयूष अपने परिवार का बड़ा बेटा था। उसका एक छोटा भाई है।

हिन्दुस्थान समाचार/चन्द्रशेखर/संदीप

   

सम्बंधित खबर