मोदी सरकार ने दस वर्षों में देश का कायाकल्प किया : योगी आदित्यनाथ

प्रतापगढ़, 19 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रतापगढ़ लोकसभा सीट से उम्मीदवार वर्तमान सांसद संगमलाल गुप्ता के पक्ष में रामपुरखास में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने मंच पर मां बेल्हा देवी और बाबा घुइसरनाथ धाम सहित धर्म सम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज को प्रणाम करते हुए कहा कि लोकसभा का चुनाव चल रहा है। मैं अब तक दस राज्यों में चुनाव प्रचार में गया। पूरे देश के अन्दर लोगों को चुनाव परिणाम का पहले से पता है कि सपा-कांग्रेस चाहे जितना जोर लगा ले, आयेंगे मोदी ही।

देश की जनता कह रही है जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। इसलिए अबकी बार चार सौ पार। देश के लोगों की आवाज सुनकर सपा-कांग्रेस के लोगों को चक्कर आ जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दस वर्ष मे देश का काया कल्प कर दिया है। भाजपा सरकार बनने से पहले कांग्रेस और सपा दोनों ही का समर्थन आतंकवादियों के साथ हुआ करता था, जिसको पूरा देश और उत्तर प्रदेश की जनता जानती है। काशी में सपा सरकार में हमला हुआ, उस समय केंद्र में कांग्रेस सरकार थी। अयोध्या में जब हमला किया गया, उस समय उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार थी और केंद्र से कांग्रेस की सरकार थी। हमने अपना वादा पूरा किया है। राम मंदिर का निमार्ण किया है। जहां आज रामलला विराजमान हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतापगढ़ की धरती आंवले की धरती है। आंवला हर इलाज में काम आता है। आज हर क्षेत्र में भारत का विकास हुआ है। आज नया भारत है। हमें कोई छेड़ेगा तो उसे हम छोड़ेंगे नहीं। प्रतापगढ़ में मेडिकल काॅलेज बनया गया। हर घर पर जल पहुंचाया गया। आज फ्री में राशन दिया जा रहा है ।

सपा सरकार में इलाज के अभाव में मौत होती थी। 70 वर्ष से अधिक के व्यक्ति को पांच लाख रुपये इलाज के लिए दिए जा रहे हैं। गरीबों को मुफ्त में सिलेंडर दिया गया। प्रदेश में 56 लाख गरीबों के मकान बनाए गए। हमने विकास किए हैं। गरीबों का कल्याण किया है। बड़ी -बड़ी योजनाओं पर काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज एक जैसी मानसिकता के लोग अराजकता फैलाने की सोच रहे हैं। उसका जवाब जनता खुद देगी। मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भारी बहुमत से सरकार बनने जा रही है। प्रदेश में सात वर्षों से किसी प्रकार का कोई दंगा नहीं हुआ है। नौजवानों के हाथों में रोजगार दिया गया है। विकास की योजनाओं से जोड़ना है। हम इसी कार्य को लेकर आपके बीच में आए हैं। प्रतापगढ़ को आगे बढ़ाने के लिए कार्य किया जा रहा है। बाईपास पास कर दिया गया। अयोध्या से प्रयागराज तक फोरलेन हाइवे का निमार्ण कार्य किया गया।

आज एक तरफ देश विकास और समृद्धि है। पीएम मोदी दिन रात काम कर रहे हैं। वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन वरासत पर टैक्स लगाएंगे। बाप दादा की जो भी जमीन होगी, मकान होगा, उस पर टैक्स लेंगे। देश का अनर्थ कर डालेंगे। जनता के पैसे में डकैती भारतीय जनता पार्टी नहीं डालने देगी। भाजपा सभी के अधिकारों को सुरक्षित रखेगी।

सपा कांग्रेस अनुसूचित जाति जनजाति आरक्षण पर लगाम लगाने की सोच रहे हैं। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार है। आरक्षण में कटौती की है। इसको काटकर मुसलमान को दिया गया है। यह बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का अपमान है। कांग्रेस के लोग वही कर रहे हैं ।

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को माफ करने की आवश्यकता नहीं हैं। भाजपा ने संगमलाल को पुनः उम्मीदवार बनाया है, जिनको जिताना आप का काम है। संगमलाल को मिला एक-एक वोट मोदी को मजबूत करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/दीपेन्द्र/दीपक/दिलीप

   

सम्बंधित खबर