लल्ली उपाध्याय के निर्माण कार्य को सील करने गयी टीम का विरोध

लखनऊ, 21 मई(हि.स.)। शहर के गोमती नगर के विनम्र खण्ड क्षेत्र में लल्ली उपाध्याय की दो सौ वर्ग मीटर की भूमि पर हो रहे निर्माण कार्य को एलडीए ने दुबारा रोक दिया। फिर भी लल्ली नहीं मानी तो विहित न्यायालय से आदेश लेकर एलडीए की टीम ने अवैध रुप से जारी निर्माण कार्य को सील कर दिया। इस दौरान एलडीए की टीम को विरोध झेलना पड़ा।

एलडीए में प्रवर्तन जोन एक की अधिकारी वन्दना पाण्डेय ने कहा कि लल्ली उपाध्याय अपने अवैध निर्माण कार्य को लगातार करा रही थी। उनके द्वारा अवैध कार्य को रोकने की कोई कोशिश भी नहीं की गयी। जब एलडीए ने रोकना चाहा तो उनके लोगों ने एलडीए के कर्मचारियों व अधिकारियों पर ही दबाव बनाने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि विनम्र खण्ड में भूखण्ड संख्या 2/22 पर दो सौ वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से निर्माण कार्य को रुकवाने के लिए विहित न्यायालय से सील के आदेश पारित कराये गये।

उन्होंने कहा कि मंगलवार को सहायक अभियंता उदयवीर सिंह और अवर अभियंता एसके दीक्षित व एलडीए की टीम ने सील की कार्रवाई के लिए अपना प्रयास किया। एक बार फिर से लल्ली की ओर दबाव बनाया गया और अभद्रता करने की कोशिश हुई। तभी प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से सील की कार्रवाई पूरी हो सकी।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/राजेश

   

सम्बंधित खबर