(अपडेट) सपा सरकार आने पर इत्र नगरी का सैफई की तर्ज पर होगा विकास : अखिलेश यादव

- उद्योगपति मनोज दीक्षित ने कहा, इतने वोट पड़ेंगे कि भाजपा जमानत नहीं बचा पाएगी

कन्नौज, 02 अप्रैल (हि.स.)। बीते कई वर्षों से सांसद सुब्रत पाठक द्वारा लगाता बयानों के जरिए अपमान का दंश झेल समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को इत्र नगरी कन्नौज पहुंचे। यहां पर उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलन से लेकर कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और जमकर भारतीय जनता पार्टी और उनके सांसद पर भड़ास निकाली। इस दौरान तमाम रूठे एक मंच पर अपने नेता के साथ दिखे।

कार्यकर्ता सम्मेलन में रिकार्ड भीड़

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में भारी भीड़ उमड़ी देख सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आज इत्र नगरी में आत्मविश्वास से लबरेज दिखे। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। सबसे ज्यादा खास बात यह देखने को मिली कि जो नेता और कार्यकर्ता उनसे नाराज बताए जा रहे थे वह बिना मनाए ही अपने नेता की सभा को सफल बनाने में जुटे दिखे। कन्नौज बाईपास पर पूरे दिन भारी भीड़ का नजारा रहा और कई बार जाम कारण भी बना।

सैफई की तर्ज पर होगा कन्नौज का विकास

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि सैफई की तर्ज पर सरकार आने पर इत्र नगरी कन्नौज का विकास कराया जाएगा। यहाँ विश्व स्तरीय यूनिवर्सिटी बनाएंगे। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार सांड नहीं पकड़ पा रही, तो विकास क्या करेगी। बीजेपी वाले परिवारवाद की खिलाफत महज दिखावे में करते हैं।

हमने सुखोई और मेराज सड़कों पर दौड़ाए

अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार को घेरते हुए कहा कि महज 22 महीनों में समाजवादियों की सरकार ने देश का सबसे लंबा लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे बनाकर उस पर सुखोई और मेराज लडाकू विमान दौड़ा दिये। यह अपनी बनाई सड़कों पर सही वाहन तक नहीं दौड़ा पा रहे। अग्निवीर व्यवस्था ठीक नहीं, नेताजी ने रक्षामंत्री रहते हुए फौज के लिए हमेशा हितकर काम किए। शहीदों के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ घर लाने की व्यवस्था नेताजी की देन है। यह कौन नहीं जानता, जब दिल्ली की सत्ता में आएंगे तो अग्निवीर व्यवस्था खत्म कर स्थाई नौकरी देने का काम करेंगे।

सपेरों के लिए बनाएंगे सिटी

अखिलेश यादव ने यहाँ ऐलान किया कि सपेरे समाज के लिए वह अलग से शहर बसाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी उनकी तैयारी थी लेकिन तब तक सरकार चली गयी, लेकिन सपेरा समाज उनसे गहरा नाता रखता है, यह भलीभांति जानते हैं और वह अपना दायित्व वो कभी नहीं भूलते। उन्होंने ऐलान किया कि सरकार बनते ही वो कन्नौज में विश्वस्तरीय स्टेडियम, एक राष्ट्रीय विश्वविद्यालय और तालग्राम में विधि विज्ञान प्रयोगशाला के पास शानदार सपेरा सिटी का निर्माण कराएंगे।

एक मंच पर आए रूठे नेता, अखिलेश के समर्थन में भरी हुंकार

कार्यकर्ता सम्मेलन में सपा अध्यक्ष के पहुंचने पर आज मंच पर सभी रूठे एक दिखे। इस दौरान जिले के प्रमुख उद्योगपति मनोज दीक्षित ने तन, मन, धन से चुनाव लड़ाने का ऐलान कर जनेऊ की कसम खाकर जीवन भर साथ देने का वायदा किया। उन्होंने कहा कि वह ब्राह्मण समाज के लोगों को लेकर लखनऊ गए तो दूसरे ही दिन उनके घर छापा मारा गया। उनके माता-पिता को गाली दी गईं, उन्हें भूमाफिया बताया गया। मंच से बोले, वोट इतने पड़ेंगे कि सांसद तुम्हारी जमानत नहीं बचेगी। विधूना की विधायक रेखा वर्मा ने भाजपा सांसद सुब्रत पाठक को ललकारते हुए कहा कि हमें अपने समाज के अपमान का बदला लेना है, हम भूलेंगे नहीं कि सांसद ने लोधी समाज को बिकाऊ बताया है।

समाजवादी पार्टी में मंगलवार लोधी समाज के वरिष्ठ नेता रामशंकर लोधी ने पार्टी की सदस्यता ली। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उनके घर गए, जहाँ लोधी समाज ने बड़ी संख्या में उन पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और उन्हें पूरी दमदारी से चुनाव लड़ाने की बात कही।

कन्नौज से तीन बार सांसद रहे सपा के वरिष्ठ नेता छोटे सिंह ने गर्जना करते हुए कहा कि अखिलेश प्रदेश संभाले, वह फर्रुखाबाद और कन्नौज दोनों संभाल लेंगे। मंच तक पहुँचने के दौरान अखिलेश यादव का कार्यकर्ताओं ने 51 किलो की माला पहनाकर फूल मालाओं से स्वागत किया।

इस दौरान पूर्व विधायक कल्यान सिंह दोहरे, पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव, सपा जिलाध्यक्ष कलीम खाँ, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ममता कनौजिया, दरोगा कटियार, दमयंती कटियार, बडअन तिवारी, सुनील दिवाकर, सर्वेश गौतम, उमेश पाल, राजेन्द्र यादव, बंटी शर्मा, अखिलेश कटियार, अनिल कटियार, कुक्कू चौहान सहित भारी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव झा/मोहित

   

सम्बंधित खबर