प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार बनने जा रही मोदी सरकार : नन्दी

--जनता का आशीर्वाद और विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ : नन्दी

--विपक्ष के लोग चाहे जितने भी हथकण्डे अपना लें, देश की जनता दिग्भ्रमित नहीं होने वाली

प्रयागराज, 22 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने बुधवार को इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी के समर्थन में नैनी और कीडगंज मण्डल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। जिसमें सभी से पूरी ताकत के साथ लगते हुए भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

नन्दी ने नैनी स्थित एक गेस्ट हाउस में तथा बैरहाना में कीडगंज मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। नन्दी ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास मूलमंत्र के साथ कार्य कर रही भाजपा सरकार ने देश की दिशा और दशा दोनों को बदला है। जनता का आशीर्वाद और विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। विपक्ष के लोग चाहे जितने भी हथकण्डे अपना लें जनता दिग्भ्रमित होने वाली नहीं है। पूरा देश आज एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए कृत संकल्पित है।

नन्दी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले प्रदेश में उद्यमी जहां उद्योग नहीं लगाना चाहते थे आज देश-प्रदेश की तस्वीर बदली है। 2014 से पहले देश में आतंक का राज था। दिल्ली, मुम्बई, अयोध्या बनारस में विस्फोट होते थे, अब विदेशों में भी भारत का मान बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में व्यापारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। विपक्ष के पास लोकसभा चुनाव में जनता के बीच अपनी बात रखने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने सभी से अपील किया कि ऐसा प्रत्याशी चुनें जो देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सके।

नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री के 10 वर्षों के कार्यकाल में अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी और सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचा है। यही कारण है कि आज आम जनमानस अबकी बार 400 पार के संकल्प को साकार करने में जुट गया है। आगामी 4 जून को प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में भाजपा की जीत सुनिश्चित है।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर