लोस चुनाव: पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में तीन बजे तक 44.98 फीसदी मतदान

जिला निर्वाचन अधिकारी एस राजलिंगम सुभद्रा कुमार इंटर कॉलेज बसनी मतदान केंद्र के क्रिटिकल बूथ का निरीक्षण करते हुए: फोटो बच्चा गुप्ताजिला निर्वाचन अधिकारी एस राजलिंगम सुभद्रा कुमार इंटर कॉलेज बसनी मतदान केंद्र के क्रिटिकल बूथ का निरीक्षण करते हुए: फोटो बच्चा गुप्ता

-दोपहर बाद मतदान के लिए लगी लाइनें,मतदान को लेकर उत्साह

वाराणसी,25 मई (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के छठवें चरण में शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मछलीशहर लोकसभा सीट के पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान की प्रक्रिया जारी है। कड़ी धूप और उमस के बावजूद मतदाता सुबह से ही अपने बूथों पर पहुंच कर मतदान के लिए कतारबद्ध होने लगे। अपनी बारी आने पर पूरे उत्साह के साथ मतदान दिया। दोपहर 12 से दो बजे के बीच बूथों पर भीड़ कम दिखी। इसके बाद मतदाता फिर पूरे उत्साह के साथ बूथों पर पहुंचने लगे। विधानसभा क्षेत्र में अपराह्न तीन बजे तक 44.98 फीसदी मतदान हुआ। इसके पहले सुबह नौ बजे तक लगभग 13.3 फीसदी,पूर्वाह्न 11 बजे 27.33 फीसदी,अपराह्न एक बजे 38.21 फीसदी मतदान हुआ। मछलीशहर लोकसभा के केराकत विधानसभा में अपराह्न तीन बजे तक 45.37,मछलीशहर में 41.83,मड़ियाहू में 43.69 जफराबाद में 43.57 फीसदी मतदान हुआ। इस तरह अपराह्न तीन बजे तक केराकत में सर्वाधिक और मछली शहर विधानसभा में सबसे कम मतदान हुआ। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी एस राजलिंगम ने मछली शहर लोकसभा सीट के पिंडरा विधानसभा में सुभद्रा कुमार इंटर कॉलेज बसनी मतदान केंद्र के क्रिटिकल बूथ का निरीक्षण किया।उन्होंने भ्रमण के दौरान बूथ संख्या 341 से 345 तक देखा और वोटिंग का हाल जाना। इस बूथ पर 2:45 बजे तक 999 वोट में से 247 पुरुष एवं 228 महिला का वोट पड़ चुका था।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सिस्वां बाजार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज में पिंक बूथ का भी निरीक्षण किया जहां पर बूथ संख्या 220 से 223 देखा और वोटिंग के बारे में पूछताछ की। इस मतदान केंद्र पर 1177 वोट में से 2:55 बजे तक 497 वोट पड़ चुके थे। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त टेंटेज, बैठने तथा शुद्ध पेयजल आदि आवश्यक व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। विधानसभा क्षेत्र के 190 मतदान केंद्रों के 389 बूथों पर 300 अर्द्धसैनिक बल के जवान, पीएसी के 300 जवान और 1892 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मतदान क्षेत्र को तीन जोन और 34 सेक्टर में बांटा गया है। नौ फ्लाइंग स्क्वाॅयड, नौ स्टैटिक सर्विलांस टीम व 24 क्यूआरटी भ्रमण कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/सियाराम

   

सम्बंधित खबर