प्रियंका गांधी और डिम्पल यादव के रोड शो में इंडी गठबंधन ने दिखाया दम

प्रियंका गांधी और डिम्पल यादव का रोड शो : फोटो बच्चा गुप्ताप्रियंका गांधी और डिम्पल यादव का रोड शो : फोटो बच्चा गुप्ता

-बाबा कालभैरव और आदिशक्ति मां दुर्गा का पूजन कर रोड शो की शुरुआत, जगह-जगह पुष्पवर्षा के बीच स्वागत, रोड शो आधे रास्ते में समाप्त

वाराणसी, 25 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में शनिवार को इंडी गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय के समर्थन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और सपा सांसद डिंपल यादव ने पहली बार एकसाथ रोड शो किया। वाराणसी एयरपोर्ट से शहर में आई प्रियंका गांधी वाड्रा और डिम्पल यादव ने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में हाजिरी लगाई। दरबार में विधिवत दर्शन पूजन के बाद बाबा से प्रतीक रूप से रोड शो की अनुमति मांगी। इसके बाद दोनों नेत्रियां दुर्गाकुंड स्थित माता कुष्मांडा मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंची और रोड शो की शुरुआत की।

फूलों से सजे खुले वाहन पर प्रियंका गांधी, डिम्पल यादव, इंडी गठबंधन के प्रत्याशी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय सवार हुए। कार्यकर्ताओं के सैलाब के बीच रोड शो में प्रियंका और डिम्पल का काफिला धीरे-धीरे आगे बढ़ा। रोड शो के स्वागत के लिए गठबंधन दल के कार्यकर्ता और समर्थक सड़क पर पहले से ही जुटे रहे। अपने नेता को देख कार्यकर्ता उत्साहित होकर कांग्रेस और सपा का झंडा लहराते हुए नारेबाजी और पुष्प वर्षा करते रहे। रोड शो के रास्ते में 20 स्वागत प्वाइंट पर कार्यकर्ताओं का उत्साह और जोश देख डिम्पल और प्रियंका खुश दिखी। दोनों नेत्रियां रोड शो के दौरान नागरिकों का हाथ जोड़ कर विनम्रता से मुस्कराते हुए अभिवादन स्वीकार करती रहीं। दोनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सियासी गढ़ में रोड शो के जरिए दो विधानसभा क्षेत्रों से गुजर मतदाताओं को साधने की पूरी कोशिश की।

चार किलोमीटर लंबे इस रोड शो के जरिये प्रियंका और डिम्पल ने इंडी गठबंधन के लिए माहौल बनाने का पूरा प्रयास किया। रोड शो दुर्गा मंदिर से मानस मंदिर, त्रिदेव मंदिर, संकटमोचन मंदिर, रविदास गेट, लंका महामना प्रतिमा, बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंच कर समाप्त हो गया। समयाभाव के कारण सपा सांसद यहीं से कड़ी सुरक्षा के बीच वापस एयरपोर्ट लौट गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रोड शो का समापन सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास मंदिर पर होना था।

-रोड शो की सफलता के लिए अजय राय और सपा ने पूरी ताकत लगाई

प्रियंका गांधी और डिम्पल के रोड शो को सफल बनाने के लिए इंडी गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय, कांग्रेस कमेटी, सपा के नेताओं ने पूरी ताकत लगा दी। सपा और कांग्रेस सहित गठबंधन के सभी दलों ने साझा रणनीति के तहत इसमें भागीदारी की।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/आकाश

   

सम्बंधित खबर