ढेकियाजुली में स्कूल बस पर गिरा विशालकाय पेड़, कई बच्चे घायल

शोणितपुर (असम), 28 मई (हि.स.)। चक्रवाती तूफान रेमल की वजह से राज्य में काफी तबाही हुई है। लगातार हो रही भारी बरसात ने स्थिति को और विकट बना दिया है। तूफान और बरसात के चलते शोणितपुर जिले के ढेकियाजुली में सेंट उर्सुला हाई स्कूल के सामने एक स्कूल बस के ऊपर एक विशालकाय यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से विद्यालय के सात विद्यार्थियों घायल हो गये, जिसमें एक विद्यार्थी को गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिली है।

सभी घायलों को तेजपुर मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल ले जाया गया है। गंभीर रूप से घायल विद्यार्थी की पहचान नौवीं कक्षा के छात्र मनीष टप्पो के रूप में किया गया है। वहीं बरनीनी सैकिया, प्रतीति कश्यप और कई अन्य छात्रों के अलावा शिक्षकों के भी आंशिक रूप से घायल होने की जानकारी मिली है।

उल्लेखनीय है कि तूफान के चलते गुवाहाटी के काफी संख्या में विद्यालयों को बंद किये जाने की विद्यालय प्रबंधन ने सूचना जारी की है। तूफान को देखते हुए आज नगांव और मोरीगांव जिला के सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों को बंद कर दिया गया है। वहीं, पड़ोसी राज्य मिजोरम में भी आज सभी विद्यालयों को बंद किये जाने की प्रशासन ने घोषणा की है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/सुनील

   

सम्बंधित खबर