यात्रियों से भरी यूपी की बस खाई में गिरी, 22 की मौत

जम्मू में बड़ा हादसा
यात्रियों से भरी यूपी की बस खाई में गिरी, 22 की मौत
64 घायल हुए, 57 जीएमसी में, सात अखनूर अस्पताल में भर्ती
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताया दुख
डिबकाम, एडीजीपी ने अस्पताल में जाना घायलों का हाल
एडीएम जम्मू करेंगे दुर्घटना की जांच
जम्मू
जम्मू पूंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अखनूर के चूंगी मोड़ क्षेत्र में बड़ा सडक हादसा हो गया। यहां एक यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा 64 लोग घायल हुए है। बस में 86 के करीब लोग सवार थे। पुलिस व स्थानीय लोगों द्वारा बचाव अभियान चलाया गया। खाई से निकाल कर घायलों को अखनूर उपजिला अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के हाथरस की यह बस हरियाणा के कुरुक्षेत्र से शिवखोड़ी धाम जा रही था। शिवखोड़ी धाम जम्मू संभाग के रियासी जिले के पौनी में स्थित है। जो कि कटड़ा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर से मात्र 80 किलोमीटर की दूरी पर है। यह भगवान भोलेनाथ को समर्पित है।
जानकारी के अनुसार बस का नंबर यूपी 86ईसी 4078 बताया गया है। यह बस अखनूर के टूंगी मोड़ में गहरी खाई में जा गिरी। इस तीखे मोड़ पर सामने से आ रही एक बस के आने से हादसे वाली बस का चालक का संतुलन बिगड़ा गया और यह हादसा हो गया। बस के गिरते ही चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचित किया गया। तुरंत में राहत और बचाव अभियान चलाया गया। बस के शीशे तोड़ कर लोगों को बाहर निकाला गया। फिर रस्सी और कुछ को पीठ पर लाद कर सडक तक पहुंचाया गया। इसके बाद घायलों को वाहनों में सवार कर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान सडकों पर एंबुलेंस की आवाज गूंजती रही। अस्पताल में हादसे की खबर के साथ ही स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया। घायलों के पहुंचने के साथ ही यहां उपचार शुरू कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर किया गया। जीएमसी जम्मू में डॉक्टरों की अलर्ट टीम ने मोर्चा संभालते हुए पहुंचे हुए घायलों का तुरंत इलाज शुरू कर दिया है। सरकारी मेडिकल कॉलेज जम्मू में घायलों का हाल जानने के जिला उपायुक्त सचिन कुमार वैश्य पहुंचे। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायलों का इलाज चल रहा है। वह यहां स्थिति की समीक्षा करने आए हैं। जिला प्रशासन घायलों को हर संभव मदद पहुंचने के लिए जुटा है। दुर्घटना में हताहतों की सही संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है।

 


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताया दुख
जम्मू
जम्मू के अखनूर में हुए सडक हादसे को लेकर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुख प्रकट किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि जम्मू के निकट अखनूर में हुई बस दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर उन्हें बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं है। वह घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हैं। एलजी बोलेण् ईश्वर शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू के अखनूर में हुई बस दुर्घटना हृदय विदारक है। उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। इसके अलावा मृतकों के परिजनों को पांच पांच लाख रूपये की मदद देने की घोषणा की गई है।

मृतकों की पहचान
जम्मू
मृतकों की पहचान धर्मपति, अनामिका, नैना, रुद्रा, रनवीर सिंह, लक्ष्मण प्रसाद, विक्की, सीमा, रंदुआ, सोनू, समरजीत, प्राचि, तनुज, सुरेश, संजय, रेनू के रूप में हुई है। बाकी मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। इनमें बच्चे भी शामिल है।

डिबकाम, एडीजीपी पहुंचे जीएमसी
जम्मू
इस दुर्घटना के बाद डिबकाम रमेश कुमार तथा एडीजीपी जम्मू जोन आन्नद जैन जीएमसी में पहुंचे। यहां पर घायलों का हालचाल जाना गया। इसके अलवा एडीएम जम्मू को इस दुर्घटना की जांच करने के लिए कहा गया है। जिससे पता चल सके कि दुर्घटना किन हालात में हुई है। उन्हें सात दिनों में रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।

जम्मू कश्मीर में इस साल मार्च तक 1214 सडक हादसे
185 की हुई मौत, 1530 घायल
जम्मू
जम्मू कश्मीर में इस साल मार्च तक ही प्रदेश में 1241 सडक हादसे हो चुके हैं। इन हादसों में 185 लोगों ने अपनी जान गंवा दी और 1530 लोग घायल हुए। यह आंकड़े जम्मू कश्मीर ट्रैफिक पुलिस ने जारी किए हैं। इन हादसों में सबसे अधिक दुर्घटनाएं जम्मू जिले में घटी हैं। जम्मू में इस साल मार्च तक 282 सडक हादसे हुए। इनमें 33 लोगों की मौत हुई और 331 लोग घायल हुए। वहीं श्रीनगर में इस साल मार्च तक 96 सडक हादसे हुए। इनमें 9 लोगों की मौत हुई और 104 लोग घायल हुए। वहीं कश्मीर घाटी के जिला शोपियां में इस साल मार्च तक सबसे कम हादसे हुए हैं। यहां 10 हादसे हुए। इनमें एक की मौत हुई और 13 लोग घायल हुए।

   

सम्बंधित खबर