राज्य के विकास कार्यों को देखकर जनता ने भाजपा को चुना: पेमा खांडू

इटानगर, 2 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 60 सीटों में से 46 सीटों पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। इस चुनाव में राज्य में तेजी से हो रहे विकास कार्याें को देखकर राज्य की जनता ने भाजपा को फिर से चुना है।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू रविवार को मतगणना के बाद प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने राज्य की जनता को भाजपा पर भरोसा करने और समर्थन देने पर धन्यवाद देते हुए कहा कि भाजपा पूरी तरह से राज्य के विकास पर ध्यान देगी और राज्य के विकास के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में हो रहे विकास कार्यों को देखते हुए राज्य की जनता ने भाजपा को चुना है और राज्य में भाजपा की सरकार आने के बाद तेजी से विकास हो रहा है, जिसको देखते हुए राज्य की जनता ने भाजपा का समर्थन किया है।

अपनी बात पर जोर देते हुए पेमा खांडू ने कहा कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी और भाजपा से जो निकल गये थे, उन लोगों को भाजपा सरकार में वापस शामिल नहीं किया जाएगा। राज्य के विकास को देखते हुए सभी विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई रुकावट नहीं होगी। खांडू ने कहा कि 4 जून के बाद ही मंत्रिमंडल का गठन होगा और पार्टी के निर्देश के अनुसार मुख्यमंत्री भी चुना जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सभी 60 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। कांग्रेस ने 19 सीटों पर ही अपने उम्मीदवार उतरे थे। इनमें कांग्रेस केवल एक सीट पर जीत हासिल कर सकी। मतगणना में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी ने 14 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किये थे, जिन में से 3 सीटों पर जीत नसीब हुई। नेशनल पीपुल्स पार्टी ने 5 सीटों पर जीत हासिल किया है। हालांकि पार्टी ने 20 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। पीपुल्स पार्टी ऑफ़ अरुणाचल ने भी 11 उम्मीदवार उतरे थे, जिसमें से दो सीटों पर उसे जीत हासिल हुई। वहीं तीन निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव जीतने में सफल हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ तागू/अरविंद/सुनील/सुनील

   

सम्बंधित खबर