हिमाचल में लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के नतीजे मंगलवार को

शिमला, 03 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार क्लीन स्वीप करेगी या कांग्रेस सेंधमारी करेगी। इसके साथ छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में सुक्खू सरकार मजबूत होगी या सियासी अस्थिरता रहेगी। ये मंगलवार को मतगणना से तय हो जाएगा। लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के नतीजे चार जून को घोषित होंगे। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी। राज्य के 31 स्थानों पर बनाए गए मतगणना केंद्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना होगी। पहले मतपत्रों की गिनती की जानी है और फिर ईवीएम के वोट गिने जाएंगे।

मतगणना से एक दिन पहले सोमवार को ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। दोपहर 12 बजे से रुझानों से स्थिति साफ होती जाएगी। मतगणना से चुनाव लड़ने वाले 62 प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला होगा। लोकसभा चुनाव में 37 और विधानसभा उपचुनाव में 25 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। बीते पहली जून को चार सीटों पर लोकसभा चुनाव में औसतन 71 फ़ीसदी और विधानसभा उपचुनाव में 74 फीसदी मतदान हुआ है।

इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा ने लगातार तीसरी बार क्लीन स्वीप के लिए पूरा जोर लगा दिया। पीएम मोदी से लेकर भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं ने चुनाव प्रचार में पसीना बहाया। नरेंद्र मोदी ने दो बड़ी चुनावी रैलियों को सम्बोधित किया। भाजपा को उम्मीद है कि राज्य में एक बार फिर मोदी लहर नजर आएगी और चार लोकसभा सीटों के साथ विधानसभा उपचुनाव की छह सीटों पर भी जीत मिलेगी। दूसरी तरफ कांग्रेस ने चुनाव प्रचार में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनाव प्रचार किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने करीब 120 रैलियां कीं। कांग्रेस का लोकसभा चुनाव से ज्यादा ध्यान विधानसभा उपचुनाव पर नजर आया। कांग्रेस ने छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में जमकर प्रचार किया और इसकी कमान खुद मुख्यमंत्री सुक्खू ने संभाली।

लोकसभा चुनाव में भाजपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से पार्टी प्रत्याशी अनुराग ठाकुर, मंडी से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत, शिमला से वीरेंद्र कश्यप और कांगड़ा से राजीव भारद्वाज की किस्मत का फैसला होगा। वहीं कांग्रेस से मंडी से प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह, शिमला से बिनोद सुल्तानपुरी, कांगड़ा से आनंद शर्मा और हमीरपुर से सतपाल रायजादा की किस्मत का फैसला होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील

   

सम्बंधित खबर