आंध्र प्रदेशः लोकसभा व विधानसभा में एनडीए का दबदबा, वाईएसआर कांग्रेस को करारा झटका

अमरावती, 4 जून (हि.स.)। आंध्र प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव नतीजों में टीडीपी और भारतीय जनता पार्टी गठबंधन शानदार प्रदर्शन करता दिख रहा है। लोकसभा के साथ आंध्र प्रदेश विधानसभा में एनडीए ने भारी बढ़त बना ली है। राज्य की सत्ताधारी वाईएसआर कांग्रेस को भारी नुकसान होता दिख रहा है।

आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव नतीजों में अबतक सत्ताधारी वाईएसआरसी की केवल 20 सीटों पर बढ़त है जबकि एनडीए की 152 सीटों पर बढ़त है। तेलुगुदेशम पार्टी ने चुनाव नतीजों में पहली जीत हासिल करते हुए राजमुंदरी सीट से पार्टी उम्मीदवार बुथवय्या चौधरी ने 61000 वोट से जीत हासिल की।

2019 के पिछले चुनाव में वाईएसआर कांग्रेस ने एकतरफा 151 सीटें जीती थी और जगनमोहन रेड्डी सत्ता में आए। इसबार राज्य में भाजपा ने चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और एक्टर पवन कल्याण की जन सेना पार्टी (जेएसपी) के साथ गठबंधन किया है। 175 सीटों वाले आंध्र प्रदेश विधानसभा में बहुमत के लिए 88 सीटों की जरूरत होती है।

आंध्र प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों के लिए हुए चुनाव में भी टीडीपी-भाजपा गठबंधन बढ़त बनाए हुए है। राज्य की 15 लोकसभा सीटों पर टीडीपी जबकि 5 लोकसभा सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से बढ़त बनाए हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार/नागराज/ संजीव/दधिबल

   

सम्बंधित खबर