गुजरात विधानसभा उप चुनाव में भाजपा ने सभी 5 सीटों पर जीत दर्ज की

-182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा में कांग्रेस सदस्यों की संख्या घटकर 13 हुई, भाजपा 161

अहमदाबाद, 4 जून (हि.स.)। गुजरात विधानसभा की 5 सीटों के लिए हुए उप चुनाव में भाजपा ने सभी 5 सीटों पर जीत दर्ज की है। लोकसभा चुनाव के साथ ही इन सीटों पर 7 मई को मतदान हुआ था।

वर्ष 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में पोरबंदर, माणावदर, विजापुर और खंभात की सीट कांग्रेस ने जीती थी। वहीं, वाघोडिया सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार की जीत हुई थी। इन सभी विधायकों ने अपनी सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी, जिसके बाद भाजपा ने इन सभी पूर्व विधायकों को अपना उम्मीदवार बनाया।

आणंद जिले की खंभात विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार चिराग पटेल को 88,457 और कांग्रेस के महेन्द्र परमार को 50,129 मत मिले। भाजपा इस सीट पर 38,328 मत के अंतर से जीतने में सफल रही। मेहसाणा जिले की विजापुर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार सीजे चावड़ा को 100641 मत मिले, कांग्रेस के दिनेश पटेल को 44,413 मत मिले। भाजपा ने इस सीट को 56,228 मतों के अंतर से जीतने में सफलता पाई। माणावदर विधानसभा सीट पर भाजपा ने 28,865 मतों से जीत हासिल की है। भाजपा उम्मीदवार अरविंद लाडाणी को 75,156 मत मिले, वहीं कांग्रेस उम्मीदवार हरिभाई कणसागरा को 46,292 प्राप्त हुआ है। पोरबंदर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार अर्जुन मोढवाडिया को 121531 मत मिले। उन्होंने इस सीट पर बड़ी लीड 1,17,000 मतों के साथ जीत हासिल की है। कांग्रेस उम्मीदवार राजू ओडेदरा को 16,096 मत मिले। वाघोडिया विधानसभा सीट पर भाजपा के धर्मेन्द्र सिंह वाघेला को 78,765 मत मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार कनु गोहिल को 42,500 मत मिले। भाजपा ने इस सीट को 36 हजार से अधिक मतों से जीतने में सफलता पाई।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव

   

सम्बंधित खबर