मंत्री किरोड़ी लाल इस्तीफा जरूर देंगे, वापस भी नहीं लेंगे, आज सच में मोरिया बोल गए : डोटासरा

जयपुर, 4 जून (हि.स.)। लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों के बीच राजस्थान में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन से पार्टी खेमे में जबर्दस्त उत्साह है। सीटों को लेकर आ रहे रुझानों पर खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि जनता ने सत्ताधारी भाजपा के उस दावे को नकार दिया है कि वह राजस्थान की सभी 25 सीटें जीतेगी और जीत की हैट्रिक लगाएगी।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए डोटासरा ने कहा कि देश में आईएनडीआईए की सरकार बनेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार पीएम बनने का सपना पूरा नहीं होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि राजस्थान में भी कांग्रेस भाजपा से ज्यादा सीटें जीतेगी। प्रदेश की सीटों का रिजल्ट आने के बाद सत्ताधारी पार्टी में कलह बढ़ेगी और उसके नेताओं में आपस में टकराव देखने को मिलेगा। डोटासरा ने डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के इस्तीफा देने के सवाल पर कहा कि वो पीछे नहीं हटेंगे। किरोड़ीलाल अपनी बात का धणी आदमी है, वो थूक के नहीं चाटेंगे। वो अपना इस्तीफा जरूर देंगे। वापस भी नहीं लेंगे। कितने विकेट साथ में उड़ते हैं या पर्ची बदलवाते हैं। वो उनके ऊपर हैं। वो कितना दम दिखाते। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज सच में मोरिया बोल गए हैं। उन्होंने मोबाइल में मोर की आवाज सुनाकर कहा कि राजस्थान में कई सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के मोरिया बोल गए हैं।

उन्होंने कहा कि किरोड़ी अपनी बात पर कायम रहते हैं। वे जितना किरोड़ी लाल को जानते हैं, वह एक बार जो बोल देते हैं, उससे वह पीछे नहीं हटते हैं। डोटासरा ने कहा कि अब तक के परिणामों से साफ है कि जनता ने भाजपा को नकार दिया है। राजस्थान में कांग्रेस ने भाजपा को पछाड़ा है। इंडिया अलायंस की सरकार बनने जा रही है। परिणामों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने और उन्होंने खुद ने जो दावे किए थे। उन पर आज जनता की मुहर लगी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्ची वाली सरकार रहेगी या नहीं, यह फैसला भाजपा को लेना है, क्योंकि यह सत्ताधारी पार्टी का अंदरूनी मामला है।

बांसवाड़ा-डूंगरपुर से भाजपा प्रत्याशी महेंद्रजीत सिंह मालवीय को लेकर डोटासरा ने कहा कि जब मालवीय कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए थे। तब हमने कहा था कि मालवीय लोकसभा का चुनाव नहीं जीत पाएंगे। हमने वहां भारतीय आदिवासी पार्टी के प्रत्याशी को समर्थन दिया। नामांकन वापस नहीं लेने पर कांग्रेस प्रत्याशी पर कार्रवाई भी की। अब मालवीय हारे हैं। वे चुनाव नहीं जीत पाएंगे। कांग्रेस छोड़कर गए नेताओं की घर वापसी के सवाल पर डोटासरा ने कहा कि जो छोड़कर गए हैं। उनके लिए अब पार्टी में कोई जगह नहीं है। उन्हें वापस क्यों लिया जाए, जिन्होंने पार्टी के लिए कठिन समय में मेहनत की है उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा। पार्टी के लिए काम किया। अब मलाई भी उन्हें ही मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का यह प्रदर्शन किसी एक व्यक्ति की मेहनत का परिणाम नहीं है। इसके लिए सभी ने एकजुटता के साथ मेहनत की है।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर